फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसायटी द्वारा मानवता के सेवकों का सम्मान


समाज में मानसिक स्वास्थ्य की जागरूकता और सुधार के लिए निरंतर कार्य करने वाली संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसायटी द्वारा महिला और बाल कल्याण के लिए कार्यरत संस्था हिमवंत फाउंडेशन सोसायटी की अध्यक्ष संगीता भट्ट थपलियाल को मानवता के क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसायटी के संस्थापक, अध्यक्ष और प्रख्यात मनोवैज्ञानिक डॉ. पवन शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसायटी ऐसे अन्य कई विशेष शख्सियतों को मानवता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने और योगदान देने के लिए प्रोत्साहन स्वरुप “फोरगिवनेस एंजल” नामक पुरस्कार प्रदान करती रही है। निकट भविष्य में संस्था द्वारा पूरे देश से नामांकन मांगे जायेंगे और उन्हें सम्मानित किया जायेगा। डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि ऐसे बहुत से लोग हैं जो निस्वार्थ भावना से मानव जाति की सेवा करते हैं और उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए और समाज में एक अच्छे अनुकरणीय उदाहरण के रूप में पेश करें तो नई पीढ़ी भी उत्साहित होकर अच्छे काम करने के लिए प्रेरित होगी और एक अच्छे समाज को बनाए रखने में सहायक होगी।
