June 29, 2026

अविरल नंदा रन फॉर चैरिटी: हिमालयी वादियों में दौड़ेगा उम्मीद और बदलाव का संदेश

 

लोहाजंग (मुन्दोली) में 1 मई को होगा आयोजन, 21, 10 और 3 किमी दौड़ में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों को मौका

लोहाजंग (चमोली), संवाददाता:
उत्तराखंड की सुरम्य वादियों में स्थित लोहाजंग (मुन्दोली) एक बार फिर सामाजिक सरोकार और खेल भावना का केंद्र बनने जा रहा है। यहां 1 मई को “अविरल नंदा रन फॉर चैरिटी” का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य केवल मैराथन आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
आयोजन में प्रतिभागियों के लिए 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 3 किलोमीटर फन रन की श्रेणियां रखी गई हैं। 21 किमी दौड़ में 18 वर्ष से अधिक आयु के धावक भाग ले सकेंगे, जबकि 10 किमी दौड़ 10 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए खुली है। 3 किमी फन रन में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी को भागीदारी का अवसर मिलेगा।
महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग पुरस्कार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। कुल पुरस्कार राशि 10 लाख रुपये तक रखी गई है, जो प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 9 बजे होगा, जबकि दौड़ का फ्लैग-ऑफ सुबह 10 बजे किया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए बिब वितरण 30 अप्रैल को शाम 4 से 6 बजे तक और 1 मई को सुबह 8 से 9 बजे तक किया जाएगा।
इस आयोजन के पीछे पूर्व सैन्य अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनर कलम सिंह बिष्ट की प्रमुख भूमिका है, जो मुन्दोली राइडर्स क्लब के संस्थापक भी हैं। उनके नेतृत्व में यह आयोजन एक सामाजिक अभियान के रूप में उभर रहा है।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिमालयी क्षेत्रों के गरीब और वंचित बच्चों को खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इसके साथ ही खेल पर्यटन, साहसिक पर्यटन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना और पलायन को कम करना भी इसका लक्ष्य है।
आयोजकों के अनुसार, युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के प्रति जागरूक करना भी इस पहल का अहम हिस्सा है। पिछले तीन वर्षों से इस दिशा में आसपास के गांवों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
“अविरल नंदा रन फॉर चैरिटी” न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।

Spread the love
error: Content is protected !!