नारायणबगड़ स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू, पांच सूत्री मांगों पर अड़े क्षेत्र पंचायत सदस्य।

नारायणबगड़, चमोली।
नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी व क्षे.प.सदस्य बिपिन परिहार ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने को स्थानीय ग्रामीणों और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने आयोजित धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नारायणबगड़ स्वास्थ्य केंद्र महज रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। नारायणबगड़ विकासखंड की 35 हजार से अधिक आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है, लेकिन यहां पर्याप्त स्थान, जरूरी चिकित्सा सुविधाओं और संसाधनों का अभाव है। इसके चलते दूरस्थ क्षेत्रों से उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। वक्ताओं ने कहा कि कई बार गंभीर मरीजों को समय पर उपचार न मिलने से उनकी जान तक चली जाती है।
धरना दे रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य ने स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई है। उनकी प्रमुख पांच मांगों में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करना, एक्स-रे मशीन की व्यवस्था, महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती, स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति एवं अतिरिक्त भवन का निर्माण तथा स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण शामिल है।
धरना दे रहे लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान बेडूला उर्मिला देवी सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
