March 2, 2026

पटियालधार में जंगल की भीषण आग पर समय रहते काबू, पुलिस–फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।

नर्सिंग कॉलेज पटियालधार, गोपेश्वर के समीप जंगल में लगी भीषण आग पर पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आने से पहले ही आवासीय क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थान और पशुधन को सुरक्षित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
थाना गोपेश्वर एवं फायर स्टेशन गोपेश्वर को जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही इसकी गंभीरता को देखते हुए चौकी पटियालधार से पुलिस बल तथा फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम फायर टेंडर के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और तेज लपटें नर्सिंग कॉलेज की स्टाफ कॉलोनी, आवासीय भवनों तथा स्थानीय लोगों की गौशालाओं की ओर तेजी से बढ़ रही थीं।
स्थिति की नाजुकता को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने पेड़ों की टहनियों एवं पारंपरिक तरीकों का उपयोग कर आग के फैलाव को रोकने का प्रयास किया, वहीं फायर सर्विस के जवानों ने फायर टेंडर की होजरील से लगातार पंपिंग कर साहस, सूझबूझ और आपसी समन्वय के साथ आग पर नियंत्रण की कार्रवाई की।
पुलिस और फायर सर्विस के इस प्रभावी क्विक रिस्पांस के चलते आग को समय रहते फैलने से रोक दिया गया और स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से संभावित जान-माल के भारी नुकसान से बचाव हुआ और क्षेत्र में राहत की सांस ली गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!