March 21, 2026

पोखरी:अन्नप्राशन समारोह में चोरी हुआ हार, रातों-रात आंगन में मिला वापस

चमोली जनपद के पोखरी थाना क्षेत्र में एक अन्नप्राशन समारोह के दौरा गुम हुआ सोने का हार रहस्यमय तरीके से वापस मिल गया। पुलिस की सक्रियता और गांव में की गई पूछताछ के बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा हार को घर के आंगन में फेंक दिया गया।

पोखरी थाना क्षेत्र के रसोड़ा गांव निवासी  देवी लाल पुत्र स्वर्गीय राजू लाल ने पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना दी कि 15 मार्च 2026 को उनकी पोती के अन्नप्राशन समारोह के दौरान उनकी पुत्रवधू सुनीता, पत्नी पवन कुमार, ने अपने जेवर पहने हुए थे।
कार्यक्रम के दौरान दावत भोज के बाद सुनीता ने अपना गले का हार और मंगलसूत्र उतारकर अलमारी में रख दिया और अलमारी बंद कर दी। लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब अलमारी खोली गई तो हार गायब मिला।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पोखरी पुलिस ने शिकायतकर्ता को थाने बुलाया और जांच शुरू की।
पुलिस टीम, जिसमें प्रभारी उपनिरीक्षक रूकम सिंह नेगी, कांस्टेबल ललित मोहन और जसपाल राणा शामिल थे, ने पोखरी के सभी सुनारों की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
इसके बाद पुलिस टीम ने रसोड़ा गांव पहुंचकर समारोह में शामिल महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें अल्टीमेटम दिया गया और रात में कई स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया गया।
इसी बीच आज सुबह करीब 6 बजे शिकायतकर्ता देवी लाल ने पुलिस को सूचना दी कि चोरी हुआ हार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके आंगन में फेंक दिया गया है, जो उन्हें वापस मिल चुका है।
शिकायतकर्ता द्वारा हार मिलने की पुष्टि के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई की आवश्यकता नहीं बताई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!