October 16, 2026

हंस गौशाला ने असोला गांव में लगाया निःशुल्क पशु जांच एवं चिकित्सा शिविर

WhatsApp Image 2023-12-07 at 4.03.47 PM (1)

Hans Gaushala organized free animal checkup and medical camp in Asola village.

 

 250 से भी गायों एवं अन्य पशुओं का किया इलाज

नई दिल्ली। परमपूज्य श्री भोले जी महाराज एवं माताश्री मंगला जी की प्रेरणा से हंस गौशाला-ए यूनिट आफ द हंस फाउंडेशन द्वारा बांध रोड असोला गांव, नई दिल्ली में निःशुल्क पशु जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कुशल एवं अनुभवी डाक्टरों की देखरेख में 250 से भी अधिक पशुओं के स्वास्थ्य की जांचकर उन्हें निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। असोला गांव के अलावा फतेहपुर बेरी के पशुपालक अपनी गाय, गोवंश, भैंस, बकरी, कुत्ता तथा बिल्ली आदि बीमार पशुओं को इलाज कराने के लिए शिविर में लेकर आये थे। हां गौशाला शिविर में राजकीय पशु चिकित्सालय फतेहपुर बेरी तथा पशुपालन विभाग दिल्ली सरकार का भी योगदान रहा।

हंस गौशाला निःशुल्क जांच एवं चिकित्सा शिविर के संयोजक श्री मानस स्वाइन ने बताया कि पिछले कई माह से दक्षिणी दिल्ली के अनेक गांवों में इस तरह के शिविर लगाये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हंस गौशाला द्वारा पशुओं की चिकित्सा का यह सेवा कार्य भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक पशुपालकों को इसका लाभ मिल सके।
श्री मानस स्वाइन ने बताया कि हंस गौशाला भाटी, दिल्ली में स्थानीय स्तर पर लावारिस, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त पशुओं के इलाज के लिए निःशुल्क काऊ रेस्क्यू सेंटर का संचालन किया जा रहा है।

इस मौके पर वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डा.बाला मुरुगन, डा.सतवीर सिंह तथा डा.मुदस्सिर इकबाल ने अपने पैरामेडिकल स्टाफ के साथ 250 से भी अधिक गायों, गोवंश, भैंस, बकरी, कुत्ता तथा बिल्ली आदि पशुओं के स्वास्थ्य की जांचकर उनका इलाज किया तथा निःशुल्क दवाइयां प्रदान कीं।

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डा. बाला मुरुगन ने बताया कि अधिकतर गायों एवं पशुओं में पाये गये थनेला, चीचड/कलीदें, खाज-खुजली, जख्म, खांसी, जुकाम और बुखार का इलाज किया गया। गायों और भैंसों को भूख न लगना, कम दूध देना तथा बांझपन को दूर करने की दवाई दी तथा खुरपका एवं मुंहपका के इंजेक्शन लगाये। कुत्तों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई तथा गायों के बच्चों को पेट में कीड़ों को खत्म करने की दवाई पिलाई गई तथा उनके जख्मों/घावों का इलाज किया। 4 से 8 महीने की गाय की बछियों को बिरूसेल्ला वैक्सीन दी गई।

हंस गौशाला शिविर को सफल बनाने में हंस गौशाला की प्रोजेक्ट सुपरवाइजर सुश्री दीपा शर्मा, वरिष्ठ कार्यकता एवं पत्रकार श्री भागेश कुमार त्यागी, श्री राकेश सिंह, श्री अमरदीप, श्री विनय यादव, शिव शर्मा आदि सेवकों, असोला ग्रामवासियों तथा पैरामेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

शिविर में आये पशुपालकों ने द हंस फाउंडेशन के प्रेरणास्रोत श्री भोले जी महाराज एवं माता श्री मंगला जी द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!