पोखरी के सिमखोली में निःशुल्क नेत्र शिविर, 100 से अधिक ग्रामीणों की आंखों की जांच
चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमखोली जूनियर हाईस्कूल के पास हिमवंत प्रदेश न्यूज कार्यालय में द हंस फाउंडेशन जनरल अस्पताल सतपुली द्वारा निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की ग्राम पंचायत तमुण्डी, काण्डईखोला, विरसणसेरा, चैम्वाडा, सिमखोली, इज्जर, सिनाऊं मल्ला और तल्ला सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान 100 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच में 12 लोगों की आंखों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिनके ऑपरेशन के लिए द हंस फाउंडेशन की ओर से जनरल अस्पताल सतपुली में निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
नेत्र शिविर के दौरान जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां एवं नजर के चश्मे भी वितरित किए गए। ग्रामीणों ने शिविर में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी बताया।
समाजसेवी एवं पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने कहा कि द हंस फाउंडेशन के संस्थापक संत श्री भोले जी महाराज एवं करूणामई माता श्री मंगला जी द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और जिन दूरस्थ गांवों तक सरकारी सेवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं, वहां हंस फाउंडेशन जरूरतमंदों का सहारा बन रहा है।
वहीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने कहा कि हंस फाउंडेशन की स्वास्थ्य सेवाएं उनके लिए संजीवनी का कार्य कर रही हैं। ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए संस्थापक संत श्री भोले जी महाराज एवं माता श्री मंगला जी का आभार व्यक्त किया।
निःशुल्क नेत्र शिविर के दौरान सिमखोली ग्राम प्रधान ईश्वर सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि रावत, सामाजिक कार्यकर्ता भरत खत्री, शिवदत्त मलवाल, हंस फाउंडेशन अस्पताल के कॉर्डिनेटर दीपक गुसाई, सुरेन्द्र पुजारी, डॉ. राजदीप समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
