गढ़वाल भ्रातृ मंडल की अर्द्धवार्षिक बैठक में गढ़ कौथिग की तैयारियों पर चर्चा
क्लेमेनटाउन, देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था, क्लेमेनटाउन देहरादून की अर्द्धवार्षिक बैठक संस्था के अध्यक्ष बादर सिंह रावत के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में अन्य विषयों के साथ आगामी पांच दिवसीय भव्य एवं विशाल गढ़ कौथिग (मेले) के आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
गढ़ कौथिग में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक धरोहर और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। मेले में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों के स्टॉल, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही महिला मंडलियों, लोकगीत गायकों और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।


आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रदेश की जानी-मानी हस्तियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है। बैठक में मेले से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियां सदस्यों को सौंपी गईं। संस्था के अध्यक्ष बादर सिंह रावत ने सभी सदस्यों से इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता और सहयोग की अपील की।
बैठक का संचालन संस्था के महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी ने किया। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल (विशिष्ट सेवा मेडल), रघुनंदन सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, ओम प्रकाश बहुगुणा, पूर्व महासचिव रामचंद्र सिंह रावत, गढ़ कौथिग के मेला अधिकारी सूबेदार मेजर दुर्गा प्रसाद बड़ोनी, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, सूबेदार मेजर जयपाल सिंह रावत, नरेंद्र प्रसाद कोटनाला, लक्ष्मण कोटनाला, सूबेदार मेजर उमराव सिंह गुसाईं तथा श्रीमती सुषमा सजवाण/चौधरी सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर गढ़ कौथिग को सफल बनाने और उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का संकल्प लिया।
