थराली के रामलीला मैदान में भव्य होली मिलन समारोह
जनपद चमोली के थराली स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह में होलियारों ने पारंपरिक होली गीतों और सामूहिक नृत्य से समां बांध दिया। रंग, अबीर और गुलाल की खुशबू से पूरा मैदान सराबोर रहा और फाल्गुनी उमंग हर चेहरे पर झलकती रही।
कार्यक्रम में थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा एवं उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने सभी से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में सहयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।
होली मिलन कार्यक्रम के अवसर पर क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक को जन्मदिन एवं होली की बधाई भी दी।
बधाणी सांस्कृतिक समिति सूना के अध्यक्ष प्रेम देवराड़ी, रमेश देवराड़ी, राहुल तथा होलियारों खिमानंद खंडूड़ी सहित अन्य कलाकारों ने “फाल्गुन महीना खेलौं होली…”, “मत मारो मोहन पिचकारी…”, “जय देवी गौरी भवानी…”, “जल कैसे भरूं यमुना गहरी…” जैसे पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। होलियारों के सामूहिक नृत्य से रामलीला मैदान का दृश्य अत्यंत मनमोहक हो उठा।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, रणजीत सिंह नेगी, राकेश भारद्वाज, गंगा सिंह बिष्ट, देवेंद्र नेगी, भास्कर पांडे, देवाल के विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धनेंद्र बिष्ट, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, वरिष्ठ नेता गणेश मिश्रा, युवराज बसेड़ा, नारायणबगड़ के पूर्व प्रमुख यशपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, कर्मचारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
समारोह में उमड़ी भीड़ और रंगों की बौछार ने होली के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।
