निम के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, कर्नल अमित बिष्ट को मिलेगा नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड 2020
उत्तरकाशी में 35 चोटियों को फतेह करने वाले नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट को नेशनल एडवेंचर अवार्ड 2020 से सम्मानित किया जाएगा। युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने उन्हें नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड 2020 के लिए नामित किया है। कर्नल बिष्ट के साथ ही उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक और दिल्ली के 7 साहसिक खेलों से जुड़े लोगों को नेशनल एडवेंचर अवार्ड 2020 से नवाजा जाएगा।

बता दें कि नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड देश का साहसिक खेलों में दिया जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार है। कर्नल अमित बिष्ट ने अपने 20 वर्ष के पर्वतारोहण करियर में 35 चोटियों का आरोहण किया है। जिसमें इस साल जून माह में विश्व की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट का सफल आरोहण भी शामिल है। इन 35 चोटियों में से 20 चोटियां ऐसी हैं जिन्हें आरोहण करने वाले कर्नल अमित बिष्ट पहले पर्वतारोही बने हैं।

वहीं अमित बिष्ट के नाम की घोषणा होने पर उन्हें जिले के साहसिक खेलों से जुड़े लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दी।
