सतर्क: उत्तराखंड में कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन ने दे दी है दस्तक
देहरादून। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमीक्रोन अब देश में पांव पसार रहा है। ओमीक्रोन के लगातार मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं अब उत्तराखंड में भी कोविड के नए वेरिएंट ओमीक्रोन ने दस्तक दे दी है। देहरादून में इसका पहला मामला सामने आया है। यहां एक युवती में ओमीक्रोन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। उत्तराखंड स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा ने मामले की पुष्टि की है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा के मुताबिक युवती बीती 8 दिसंबर को स्कॉटलैंड से दिल्ली पहुंची थी।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ तृप्ति बहुगुणा ने देहरादून में ओमीक्रोन से ग्रसित पहले केस के मिलने पर आम जनता से अपील की है कि वह घबराये नहीं, सर्तकता एवं सावधानी के साथ कोविड अनुरूप व्यवहारों का पालन नियमित रूप से करते रहें। उन्होंने राज्य के नागरिकों से यह भी अपील की कि घर से बाहर निकलने पर सदैव मास्क लगायें, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचे तथा आपसी सम्पर्क में दूरी बनाये रखने के व्यवहार को बनाये रखें। महानिदेशक ने सभी लोगों से वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का अनुरोध किया है।
