April 29, 2026

दीप्ती रावत भारद्वाज को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। कार्यकारिणी में उत्तराखंड उच्च शिक्षा उन्नयन समिति की उपाध्यक्ष रहीं दीप्ती रावत भारद्वाज को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। पहली बार भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड को यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

 

दीप्ती रावत भारद्वाज को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किये जाने पर उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अनेक नेताओं ने ट्विटर पर बधाई दी है।

 

दीप्ती ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने परिषद् में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वे वर्ष 2002-03 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव चुनी गईं। वर्ष 2007 में दीप्ती ने मात्र 25 वर्ष की आयु में उत्तराखंड की तत्कालीन बीरोंखाल (वर्तमान में चौबट्टाखाल) विधानसभा क्षेत्र से बतौर भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ा था।

 

वे भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रही हैं। इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली है। उन्होंने अमेरिका में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ़ एशियन पॉलिटिकल पार्टीज समेत कई अन्य अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में भाग लिया है। उन्होंने प्रतिष्ठित टीवी चैनल आईबीएन-7 में एंकर के रूप में भी कार्य किया है। इसके अलावा वे सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और सामाजिक गतिविधियों के लिए ऊर्जा फाउंडेशन का संचालन करती हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!