September 14, 2026

इंतजार खत्म! उत्तराखंड: पर्यटकों के दीदार के लिए खुली विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी

चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान (Valley of Flowers National Park) आज से पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकर्स के लिए यह घाटी किसी जन्नत से कम नहीं है, जहां हजारों प्रकार के रंग-बिरंगे फूल एक साथ देखने को मिलते हैं। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल इस घाटी के खुलने से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी नई ऊर्जा मिली है।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी घाटी को जून माह के शुरुआती सप्ताह में पर्यटकों के लिए खोला गया है। यह घाटी सामान्यतः अक्टूबर के अंत तक अथवा बर्फबारी शुरू होने तक पर्यटकों के लिए खुली रहती है। मानसून के आगमन के साथ ही घाटी में फूलों की बहार शुरू हो जाती है, जो सितंबर तक अपने चरम पर रहती है। इस दौरान यहां ब्रह्म कमल, ब्लू पोस्ता (Blue Poppy), कोबरा लिली सहित सैकड़ों प्रजातियों के दुर्लभ फूल खिलते हैं, जिससे पूरी घाटी रंग-बिरंगे प्राकृतिक कालीन का रूप ले लेती है।
गोविंदघाट से लगभग 13 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर पर्यटक बेस कैंप घांघरिया पहुंचते हैं, जबकि घांघरिया से फूलों की घाटी का प्रवेश द्वार लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित है। घाटी के भीतर केवल दिन के समय ही रहने की अनुमति होती है तथा सूर्यास्त से पूर्व वापस लौटना अनिवार्य है।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!