November 24, 2026

शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश, 1220 से अधिक शासकीय विद्यालयों में होगा आकलन।

0
IMG-20261124-WA0015

Instructions to ensure 100% attendance, assessment to be conducted in more than 1,220 government schools.

तृतीय दक्षता आधारित आकलन परीक्षा 1 दिसम्बर को होगी आयोजित।

 

जनपद चमोली के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की दक्षताओं के आकलन के लिए तृतीय दक्षता आधारित आकलन का आयोजन 1 दिसंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। जनपद के 1220 से अधिक शासकीय विद्यालयों में आयोजित होने वाले इस आकलन में कक्षा 2, कक्षा 5 एवं कक्षा 8 में अध्ययनरत समस्त विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।

तृतीय दक्षता आधारित आकलन के अंतर्गत कक्षा 2 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी एवं गणित, कक्षा 5 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं विज्ञान विषयों का आकलन किया जाएगा।

कक्षा 2 एवं कक्षा 5 के विद्यार्थियों के लिए आकलन की समयावधि डेढ़ घंटे निर्धारित की गई है, जबकि कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों की विषयगत समझ एवं दक्षताओं की स्थिति का आकलन कर उनके शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयासों को गति देना है।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) के निर्देश पर एक गूगल मीट आयोजित की गई जिसमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अनी नाथ , जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समस्त संकाय सदस्य, समस्त बीआरपी सीआरपी द्वारा प्रतिभाग किया गया,

बैठक का संचालन समग्र शिक्षा से चंडी प्रसाद नौटियाल द्वारा किया गया,

बैठक में निर्देशों की जानकारी देते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर) के वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने बैठक में बताया कि प्रश्नपत्रों को समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है जिसके प्रिंटिंग का कार्य 27 नवंबर तक और बीआरपी सीआरपी के माध्यम से वितरण का कार्य 29 नवंबर तक पूर्ण किया जाना है,
इस बार प्रश्नपत्र एससीईआरटी द्वारा तैयार किए गए हैं तथा पहली बार 10% विद्यालयों में पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है
जिन विद्यालयों में पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है वहां प्रश्न पत्र खोलना, परीक्षा का संचालन, परीक्षा का मूल्यांकन और ऑनलाइन फीडिंग का काम पर्यवेक्षक की देखरेख में ही संपन्न होगा,

इसके बाद विद्यालयों द्वारा बच्चों को पुनः उपचारात्मक शिक्षक दिया जाना है

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली गौचर के प्राचार्य अनीनाथ ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करे, साथ ही लगातार दक्षताओं पर कार्य करे, 2027 में होने वाली परख परीक्षा की पूर्व तैयारी के लिए यह आकलन हो रहे हैं,
प्राचार्य द्वारा बताया गया कि इस बार दो तरह के विद्यालय बनाए गए हैं जिसमें से एक मॉनिटर्ड और दूसरे नॉन मॉनिटर्ड होंगे और दोनों तरह के विद्यालयों के बच्चों के परिणामों का तुलनात्मक अध्ययन भी किया जाएगा,

जनपद के जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा पंकज उप्रेती ने बताया कि द्वितीय दक्षता आधारित आकलन के लिए प्रश्न पत्र जनपद के सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि आकलन के दिन विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि आकलन की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ आकलन के दिन समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया प्रभावी एवं विश्वसनीय तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने विद्यालय स्तर पर आकलन को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विशेष बल दिया।

आकलन परीक्षा संपन्न होने के बाद विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। इसके पश्चात प्राप्त परिणामों एवं आकलन से संबंधित आवश्यक सूचनाओं की ऑनलाइन फीडिंग विद्या समीक्षा केंद्र के पोर्टल पर विद्यालयों द्वारा की जाएगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों की दक्षताओं से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 7 सितंबर 2026 और 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित प्रथम एवं द्वितीय दक्षता आधारित आकलन में चमोली जनपद ने प्रदेश में विद्यार्थियों की उपस्थिति के मामले में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। प्रथम आकलन में जनपद के 97 प्रतिशत और द्वितीय आकलन में 98 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि प्रथम एवं द्वितीय आकलन में विद्यार्थियों की बेहतर उपस्थिति के लिए सभी विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समुदाय के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है उन्होंने तृतीय आकलन में भी इसी प्रकार शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया है।

जनपद चमोली के कुल 1220 से अधिक शासकीय विद्यालयों में तृतीय दक्षता आधारित आकलन आयोजित किया जाएगा। इनमें 842 प्राथमिक विद्यालय, 180 राजकीय जूनियर हाई स्कूल, 73 राजकीय हाई स्कूल तथा 128 राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं।

विद्यालय स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक आकलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्धारित समय पर प्रश्न पत्र प्राप्त करने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आकलन प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग का प्रयास है कि दक्षता आधारित आकलन के माध्यम से विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की स्थिति का आकलन किया जा सके तथा प्राप्त परिणामों के आधार पर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल