November 24, 2026

डिजिटल इंडिया के दावों के बीच नेटवर्क को तरस रहा कोटी गांव, ग्रामीणों और विद्यार्थियों की बढ़ी मुश्किलें

0
IMG-20261124-WA0130

डिजिटल इंडिया के दावों के बीच नेटवर्क को तरस रहा कोटी गांव, ग्रामीणों और विद्यार्थियों की बढ़ी मुश्किलें

 

 

नंदा देवी राजजात यात्रा का पांचवां पड़ाव होने के बावजूद मोबाइल नेटवर्क की सुविधा से वंचित है क्षेत्र, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

 

 

कर्णप्रयाग। केंद्र और राज्य सरकारें भले ही गांवों से लेकर शहरों तक डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने के दावे कर रही हों, लेकिन आज भी प्रदेश के कई दूरस्थ गांव मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। इसका एक उदाहरण कर्णप्रयाग विकासखंड का दूरस्थ कोटी गांव है, जहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते ग्रामीणों के साथ ही विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं भी परेशान हैं।

कोटी गांव और आसपास के विभिन्न गांवों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि कोटी गांव श्री नंदा देवी राजजात यात्रा का पांचवां पड़ाव है। यहां मां नंदा का प्राचीन मंदिर स्थित है, जिसे आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा निर्मित बताया जाता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान होने के बावजूद यह क्षेत्र आज भी संचार सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है।

]

मोबाइल नेटवर्क नहीं होने का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों और शिक्षकों पर पड़ रहा है। ऑनलाइन पढ़ाई, विभागीय सूचनाओं के आदान-प्रदान और विद्यालयों से जुड़े डिजिटल कार्यों को पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, ऑनलाइन आवेदन करने और जरूरी सूचनाएं प्राप्त करने के लिए भी परेशान होना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क साधना भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सिमली विक्रम सिंह कठैत का कहना है कि कोटी गांव मां नंदा का सिद्धपीठ है, जहां मां नंदा साक्षात रूप में विराजमान हैं। इसके बावजूद क्षेत्र लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहा है। इस संबंध में शासन और प्रशासन को कई बार लिखित रूप में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि नेटवर्क की सुविधा नहीं होने से विद्यालयों के शैक्षणिक और विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

विक्रम सिंह कठैत ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल से क्षेत्र की इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए कोटी गांव और आसपास के गांवों में जल्द से जल्द मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

अब सवाल यह है कि जब सरकार डिजिटल सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कर रही है, तो धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाला कोटी गांव आखिर कब तक नेटवर्क सुविधा से वंचित रहेगा? ग्रामीणों को अब शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल