स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने हरेला पर्व पर दी 22 मृतक आश्रितों को नौकरी की सौगात
देहरादून। लोक पर्व हरेला के अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य महानिदेशालय, सहस्त्रधारा रोड़ में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने 22 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंप कर सरकारी नौकरी की सौगात दी। महानिदेशालय में अधिकारी वर्ग के रिक्त पदों की डीपीसी करने सहित मैनेजमेंट के खाली पदों को दो सप्ताह के भीतर भरने के निर्देश अधिकारियों को दिये। वैश्विक महामारी कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को अभी से तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिये।
स्वास्थ्य मंत्री डा. रावत ने इस अवसर पर विभाग के तहत 22 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें सरकारी सेवा में आने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्मिकों को राज्य के विभिन्न जनपदों में तैनाती दी गई है। इसके साथ ही विभागीय मंत्री ने स्वास्थ्य महानिदेशालय में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि निदेशालय में अधिकारी वर्ग के रिक्त पदों एवं प्रोन्नति के पदों को डीपीसी के माध्यम से शीघ्र भरा जाय।
