छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, निशुल्क कार्यशाला आयोजित
छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, निशुल्क कार्यशाला आयोजित
देहरादून। मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा श्री श्रद्धानन्द बाल वनिता आश्रम, तिलक रोड, देहरादून में छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं बचाव विषय पर निशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में प्रख्यात मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. पवन शर्मा (द साइकेडेलिक) ने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन में मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और रचनात्मकता सफलता की कुंजी हैं। डॉ. शर्मा ने पढ़ाई में मानवीय कल्पनाशीलता की भूमिका को विस्तार से समझाते हुए कई रोचक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने और याद रखने की प्रभावी तकनीकें सिखाईं।
उन्होंने छात्रों को पाठ्यक्रम को लंबे समय तक याद रखने के उपाय, मानसिक व्यायाम तथा तनाव प्रबंधन के सरल तरीके भी बताए। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने विस्तार से समाधान किया।
कार्यक्रम में पुलकित, द्युति, मनन एवं नीर ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यशाला में उपस्थित छात्रों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
