नगर निगम परिसर में सजा स्वदेशी दीपावली मेला, महापौर दीपक बाली ने किया शुभारंभ
53 दुकानों में स्वदेशी उत्पादों की धूम, स्वयं सहायता समूहों के हस्तनिर्मित उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
काशीपुर। नगर निगम परिसर में दूसरी बार आयोजित भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का सोमवार दोपहर महापौर दीपक बाली ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ ही गरीब एवं छोटे दुकानदारों का उत्साहवर्धन भी किया जा सकता है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि पहले यह मेला जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में आयोजित होता था, लेकिन वहां मल्टी पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू होने के कारण मेले के आयोजन में परेशानी आ रही थी। इससे गरीब दुकानदारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया था। दुकानदारों की समस्या को देखते हुए उन्होंने पिछले वर्ष नगर निगम परिसर में मेले के आयोजन की पहल की थी। पिछले वर्ष मिली सफलता के बाद इस वर्ष भी नगर निगम परिसर में मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला दीपावली तक जारी रहेगा।
मेले में इस बार कुल 53 दुकानें सजाई गई हैं, जिनमें स्वदेशी उत्पादों के साथ ही हस्तनिर्मित वस्तुएं, मिट्टी के दीये, मूर्तियां, चूड़ियां, सौंदर्य प्रसाधन, इलेक्ट्रिक झालरें, प्लास्टिक की मालाएं, कैलेंडर, तस्वीरें और खानपान के स्टॉल लगाए गए हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरी, बेडशीट, कुशन कवर तथा गोबर से बने उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा पीओपी से बनी मूर्तियां और चाय एवं खानपान के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
मेले में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी गीता चंद्रा, रेनू नौटियाल, गायत्री देवी, मंजू, रजनी देवी, ममता, पूनम गोला, राशिदा, फहमीदा और फरीदा सहित अन्य महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। वहीं राज्य स्तर पर सम्मानित मोहम्मद इसरार हुसैन के हथकरघा डिजाइन सेंटर की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई गई है।
मेले में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंचकर लोग तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। कई लोगों ने पिछली बार की यादें साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर सेल्फी ली थी। उद्घाटन के बाद से ही मेले में खरीदारी के लिए ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है। दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए नगर निगम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उद्घाटन अवसर पर महापौर दीपक बाली ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दुकानदारों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी सहित नगर निगम कर्मचारी तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा, जसवीर सिंह सैनी और राजकुमार यादव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।
