पोखरी की त्रैमासिक क्षेत्र पंचायत बैठक हंगामेदार, सड़क–स्वास्थ्य–पानी के मुद्दों पर अधिकारियों की घेराबंदी


पोखरी। क्षेत्र पंचायत नागपुर पोखरी की त्रैमासिक बैठक विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर हंगामेदार रही। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, शिक्षा और कृषि से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ब्लॉक सभागार में प्रमुख राजी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक की शुरुआत खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही के वाचन से हुई। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें अधिकांश मामले लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की सड़कों से जुड़े रहे। सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में लापरवाही को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
आली के प्रधान विनोद आगरी ने आली-जिलासू मोटर मार्ग पर शीघ्र यातायात बहाल करने की मांग उठाई। भदूणा के प्रधान राकेश रावत ने पोखरी-हापला-गोपेश्वर एवं पोखरी-शरणाचाई-त्रिशूला मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति का मामला उठाया। किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी ने वर्ष 2017 से लंबित जौरासी-तोणजी मोटर मार्ग की दुर्दशा के लिए एनपीसीसी और पीएमजीएसवाई को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्य विकास अधिकारी को एफआईआर दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र सौंपा, जिस पर उपजिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने रुद्रप्रयाग–पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग पर गुनियाला, नारी गदेरे और बगथल में अधूरे पुस्ते एवं काजवे निर्माण का मुद्दा उठाया। साथ ही पोखरी–वल्ली–हरिशंकर मोटर मार्ग की बदहाली पर भी नाराजगी जताई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन के अध्यक्ष कुलदीप राणा ‘आजाद’ ने क्षेत्र पंचायत निधि के कार्यों का भुगतान लंबित होने से विकास कार्य प्रभावित होने की बात कही। ब्राह्मणथाला के प्रधान दीपक थपलियाल ने मोहनखाल–ताली–कसारी सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। सिनाऊ तल्ला-मल्ला की प्रधान संतोषी देवी ने गांव में पेयजल संकट से अवगत कराया।
पत्रकार संदीप बर्तवाल ने तहसील में दस्तावेजों के निस्तारण में देरी का मामला उठाया। कनिष्ठ प्रमुख शिवलाल ने डुगर गांव में जल जीवन मिशन के तहत 14 परिवारों को कनेक्शन न दिए जाने की शिकायत की। तमुंडी की प्रधान सुनीता देवी ने प्राथमिक विद्यालय के क्षतिग्रस्त भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र को शिफ्ट करने की मांग रखी। विनगढ़ की प्रधान ममता चौहान ने राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा में मुख्य भवन न होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या उठाई। सेरा मालकोटी के प्रधान राजेश रावत ने रौता–सेरामालकोटी सड़क निर्माण की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने सीएचसी पोखरी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। साथ ही मोहनखाल–चोपता सड़क की स्थिति सुधारने की भी मांग की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, डीपीआरओ रमेशचंद्र त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता तस्दीक अहमद, जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बड़ोला, जल संस्थान के सहायक अभियंता राहुल राय, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता, विद्युत विभाग के एसडीओ आशीष चौधरी, पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता विनय थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन ग्राम विकास अधिकारी राजेश सजवाण ने किया।
