September 12, 2026

सात सूत्रीय मांगों को लेकर एबीवीपी ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

 

पोखरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी की विभिन्न समस्याओं और छात्रहित से जुड़ी सात सूत्रीय मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पोखरी इकाई ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। छात्र नेता शिवम पंत मांगों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

एबीवीपी ने महाविद्यालय में एनसीसी की स्थापना, एमएससी कक्षाओं के संचालन, अंग्रेजी विषय में प्राध्यापक की नियुक्ति और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा महाविद्यालय के पैदल मार्ग का सुधारीकरण, स्नातकोत्तर स्तर पर अर्थशास्त्र एवं अंग्रेजी विषय की कक्षाएं शुरू करने तथा महाविद्यालय के लिए स्थायी प्रवेश द्वार का निर्माण करने की मांग भी शामिल है।

छात्र नेता शिवम पंत ने कहा कि लंबे समय से छात्र इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रहित से जुड़ी इन मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई है। जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को बेहतर किए जाने से छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन और संबंधित विभाग से सातों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!