October 12, 2026

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण में शिक्षकों के तबादले से अभिभावकों में रोष

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण में शिक्षकों के तबादले से अभिभावकों में रोष

चमोली। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण में विभिन्न विषयों के शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि शैक्षणिक सत्र के बीच शिक्षकों के तबादले से विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार विद्यालय से प्रवक्ता अंग्रेजी, प्रवक्ता रसायन विज्ञान, सहायक अध्यापक (एलटी) गणित तथा सहायक अध्यापक (एलटी) कला के पदों पर कार्यरत शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। वहीं विद्यालय में पहले से ही प्रवक्ता गणित और प्रवक्ता सामान्य विषय के पद रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों की कमी और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

अभिभावकों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र के बीच अनुभवी शिक्षकों के स्थानांतरण से विशेष रूप से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उनका कहना है कि पहले से रिक्त पदों के कारण शिक्षण व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है, ऐसे में अतिरिक्त तबादलों से स्थिति और गंभीर हो जाएगी।

पीटीए अध्यक्ष राकेश नेगी, एसएमसी अध्यक्ष गिरधारी सिंह गुसाईं सहित विद्यालय के समस्त अभिभावकों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से स्थानांतरण आदेशों पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानांतरण आवश्यक हैं, तो पहले रिक्त पदों पर नए शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।

अभिभावकों ने मांग की है कि विद्यालय में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए तथा शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!