कर्णप्रयाग में आयोजित हुआ एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप

कर्णप्रयाग, आईआईएम काशीपुर (FIED) द्वारा उत्तराखंड ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (REAP) के सहयोग से ब्लॉक सभागार, कर्णप्रयाग, चमोली में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, स्टार्टअप एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को व्यवसाय विकास, नवाचार, बाजार एवं उद्यम विस्तार से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी कर्णप्रयाग, चमोली जनपद सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी, कर्णप्रयाग द्वारा की गई।
कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के बिजनेस मैनेजर श्री गिरधर सिंह बिष्ट ने उपस्थित उद्यमियों एवं प्रतिभागियों को कार्यक्रम के उद्देश्य, गतिविधियों तथा उद्यमियों को मिलने वाले मार्गदर्शन एवं सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के बूट कैंप के माध्यम से उद्यमियों को अपने व्यवसाय को समझने, व्यवसायिक विचारों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने तथा विशेषज्ञों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
आईआईएम काशीपुर (FIED) के बिजनेस मैनेजर श्री मनमोहन सिंह ने आईआईएम काशीपुर FIED की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने स्टार्टअप एवं एंटरप्रेन्योरशिप (Entrepreneurship) के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, उद्यम विकास तथा नए व्यवसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के संबंध में उद्यमियों को जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

बूट कैंप के दौरान चमोली जनपद के उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसायिक विचार एवं बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए। उद्यमियों ने अपने उत्पादों, व्यवसाय मॉडल, बाजार की संभावनाओं, वर्तमान चुनौतियों एवं भविष्य की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। विशेषज्ञों एवं अतिथियों द्वारा उनके व्यवसायिक विचारों पर आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, चमोली ने कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने, उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक रीप ताज़बार सिंह गुसाईं सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभागियों को ग्रामीण उद्यमिता एवं उपलब्ध योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में चमोली जनपद के SHG की महिला सदस्य, महिला उद्यमी, स्टार्टअप एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवा एवं अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। इस दौरान उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जिनका अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना रहा, जहां वे अपने व्यवसायिक विचार प्रस्तुत कर सकें, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें तथा अपने उद्यमों के विस्तार के लिए उपलब्ध अवसरों एवं संस्थागत सहयोग की जानकारी प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का संचालन लीला नेगी, प्रशांत सिंह, अर्जुन सिंह कंडारी,दिलीप नेगी, नंद किशोर, गीता, अबरीलाल, बहादुर राम, दर्शनी देवी आदि महिला उद्यमी उपस्थित रहे।
