गौचर मेले में जीवंत हुई वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की शौर्य गाथा
# गौचर मेले में जीवंत हुई वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की शौर्य गाथा
**41 कलाकारों ने नृत्य नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया त्याग और बलिदान का ऐतिहासिक प्रसंग, दर्शक हुए भावविभोर**
**गौचर (चमोली)।** 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की सांस्कृतिक संध्या में पहली बार वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। पर्वतीय नाट्य मंच की ओर से प्रस्तुत इस नृत्य नाटिका में 41 कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय, नृत्य और संगीत के माध्यम से उत्तराखंड के वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी की शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत कर दिया।
अभिनेता एवं निर्देशक बलदेव राणा के निर्देशन में प्रस्तुत नृत्य नाटिका में माधो सिंह भंडारी द्वारा अपने पुत्र का बलिदान देकर पानी की घूल (नहर) का निर्माण कराने की ऐतिहासिक कथा का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस प्रसंग ने पंडाल में मौजूद सैकड़ों दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
नृत्य नाटिका में वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को अभिनय और संगीत के माध्यम से मंच पर उतारा गया। विशेष रूप से उनके त्याग और पुत्र बलिदान के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
अभिनेता एवं निर्देशक बलदेव राणा ने कहा कि यह नृत्य नाटिका केवल एक नाटक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। इसके माध्यम से युवाओं को अपने पूर्वजों के शौर्य, त्याग और बलिदान से परिचित कराने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी ऐतिहासिक गाथाओं को संरक्षित करना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
वहीं, नृत्य नाटिका में माधो सिंह भंडारी की माता की भूमिका निभा रहीं प्रसिद्ध अभिनेत्री सुमन गौड़ ने कहा कि यह कोई दंतकथा नहीं, बल्कि एक जीवंत ऐतिहासिक गाथा है। माधो सिंह भंडारी का त्याग और बलिदान हमेशा नई पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा। इस तरह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से युवा अपनी संस्कृति और इतिहास को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने भी प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की वीरता, साहस और बलिदान की परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ने के साथ ही राज्य की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गौचर मेले की सांस्कृतिक संध्या में आयोजित यह नृत्य नाटिका दर्शकों के लिए यादगार रही। 41 कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति ने जहां वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की शौर्य गाथा को मंच पर साकार किया, वहीं उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत के संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया।
