November 15, 2026

गौचर मेले में श्री अन्न से तैयार लजीज व्यंजन बने आकर्षण का केंद्र

0
IMG-20261115-WA0153

गौचर मेले में श्री अन्न से तैयार लजीज व्यंजन बने आकर्षण का केंद्र

भानु प्रकाश नेगी/गौचर

गौचर- उत्तराखंड के प्रसिद्ध 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में कृषि एवं उद्यान विभाग के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पहाड़ के पारंपरिक मोटे अनाज यानी श्री अन्न से तैयार लजीज मिठाइयां और केक प्रदर्शित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन व्यंजनों को तैयार करने का प्रशिक्षण स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है।

मेले में उद्यान विभाग की ओर से किसानों को कीवी मिशन, एप्पल मिशन, मशरूम उत्पादन और पॉलीहाउस जैसी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। वहीं कृषि विभाग के स्टॉल पर मंडुवा, झंगोरा, कौणी, रामदाना और चीना जैसे पारंपरिक पहाड़ी अनाजों से तैयार मिठाइयां और केक लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

इनमें रामदाना-अखरोट मफिन, झंगोरा की बर्फी, कौणी और झंगोरा का केक, चीना की बर्फी, चीना-बादाम का हलवा, झंगोरा का भमोरा, अमरंथ की जेली और मंडुवे की बाल मिठाई जैसे पारंपरिक अनाजों से तैयार आधुनिक व्यंजन शामिल हैं।

कृषि तकनीकी अधिकारी दिनेश रावत ने बताया कि राज्य सरकार श्री अन्न को बढ़ावा देने के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को इनसे विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और बेकरी उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दे रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय अनाजों को नई पहचान दिलाने के साथ महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।

वहीं मास्टर शेफ का कहना है कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को श्री अन्न के विभिन्न उत्पाद तैयार करने की तकनीक सिखाई जा रही है, ताकि पहाड़ी अनाजों को बाजार में नई पहचान मिल सके।

 

 प्रशिक्षण प्राप्त कर रही स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी इस पहल से काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से उन्हें घर बैठे स्वरोजगार शुरू करने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलेगा। उधर, मेले में पहुंच रहे लोग भी श्री अन्न से तैयार इन लजीज व्यंजनों की खूब सराहना कर रहे हैं। मेलार्थियों का कहना है कि पहाड़ के पारंपरिक अनाजों को इस तरह नए स्वरूप में प्रस्तुत करना सराहनीय पहल है। जरूरत है कि इन उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा देकर स्थानीय किसानों और महिलाओं की आजीविका से जोड़ा जाए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल