August 31, 2026

आधार अपडेट नहीं तो हो सकता है निष्क्रिय

गोपेश्वर। बच्चों के आधार कार्ड में निर्धारित समय पर बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराने पर आधार नंबर निष्क्रिय होने की स्थिति बन सकती है। इसके चलते बच्चों को स्कूल में दाखिला, छात्रवृत्ति समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए डाक विभाग और जिला प्रशासन की ओर से अभिभावकों को बच्चों के आधार अपडेट कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

डाक विभाग ने सितंबर माह में चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है। डाक अधीक्षक अजय कुमार के अनुसार दोनों जिलों में डाकघरों के माध्यम से 26 आधार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा गांवों और विद्यालयों में शिविर लगाकर बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाएगा।

5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क सुविधा

डाक विभाग के अनुसार 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक आधार अपडेट की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है। अपडेट के दौरान बच्चों के फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और नई फोटो को आधार रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। ग्राम प्रधान और विद्यालय के प्रधानाचार्य के प्रस्ताव पर संबंधित गांव या विद्यालय में आधार शिविर भी लगाया जाएगा।

डाक विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट जरूर कराएं, ताकि आधार निष्क्रिय होने की स्थिति से बचा जा सके और बच्चों को सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!