August 30, 2026

मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पोखरी पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

पोखरी। चमोली जिले के पोखरी थाना क्षेत्र में मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना पोखरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी मूक-बधिर ननद के साथ ग्राम सांकरी निवासी संजय उर्फ सन्तू पुत्र धर्मपाल ने जबरन दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर थाना पोखरी में मुकदमा अपराध संख्या 09/2026, धारा 64(2)(ट)(झ) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

वहीं, फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर निरीक्षण कराया गया और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी संजय उर्फ सन्तू को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उप निरीक्षक दलबीर सिंह, कांस्टेबल ललित कुमार और कांस्टेबल भारत सिंह टोलिया शामिल रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!