August 4, 2026

नंदा देवी राजजात से पहले सड़क निर्माण की उठी मांग, सभासद ने PWD को लिखा पत्र।

नंदा देवी राजजात से पहले सड़क निर्माण की उठी मांग, सभासद ने PWD को लिखा पत्र।

धारी तोक–देवराड़ा सिद्धपीठ मंदिर–भैंसरो तोक मोटर मार्ग पर शीघ्र कार्यवाही की मांग, 2027 राजजात यात्रा को देखते हुए सड़क निर्माण तेज करने की अपील।

थराली, चमोली।

वर्ष 2027 में प्रस्तावित विश्व प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए थराली क्षेत्र में लंबे समय से स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण में तेजी लाने की मांग उठी है। सभासद नगर पंचायत थराली तेजपाल सिंह ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) थराली के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर धारी तोक–देवराड़ा सिद्धपीठ मंदिर–भैंसरो तोक मोटर मार्ग पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि उत्तराखंड शासन ने वर्ष 2021 में राज्य योजना के अंतर्गत उक्त मोटर मार्ग को स्वीकृति प्रदान की थी, लेकिन विभाग द्वारा अब तक केवल जाँच पिलर लगाने के अलावा निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।

सभासद तेजपाल सिंह ने कहा है कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवराड़ा स्थित सिद्धपीठ मंदिर पहुंचेंगे। यात्रा के उपरांत मां नंदा देवी छह माह तक अपने ननिहाल देवराड़ा में विराजमान रहती हैं, जिससे इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य समय रहते पूरा किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग से जनहित एवं धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मोटर मार्ग निर्माण में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इस दौरान सभासद नगर पंचायत थराली तेजपाल सिंह,अब्ल सिंह गुसाई,केदार पंत आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!