September 19, 2026

औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के समाधान को लेकर उद्योग मित्र समिति की बैठक।

 

 

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक आस्थानों में संचालित इकाइयों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई।

बैठक में मिनी औद्योगिक आस्थान कालेश्वर में सुरक्षा दीवार के सुधारीकरण, विद्युत आपूर्ति, निकासी नालियों, सफाई व्यवस्था, सड़क सुधारीकरण, ईटीपी प्लांट, पेयजल और पथ प्रकाश से संबंधित समस्याएं रखी गईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महाप्रबंधक उद्योग को औद्योगिक आस्थान में संचालित उद्यमों का नियमित रूप से प्रतिमाह निरीक्षण करने के निर्देश दिए। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा। साथ ही कालेश्वर औद्योगिक आस्थान में निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा सड़क सुधारीकरण के लिए खनिज न्यास में प्रस्तावित योजना का फॉलोअप करने के निर्देश दिए।

बैठक में कालेश्वर औद्योगिक आस्थान में आवंटन के बाद से निष्प्रयोज्य पड़े 15 भूखंडों तथा मशीनों की स्थापना के बाद बंद पड़ी 18 औद्योगिक इकाइयों के भूखंड निरस्त करने की संस्तुति की गई। वहीं पुनः भूखंड चाहने वाले उद्यमियों को आवंटन से पहले उद्योग विभाग, तहसील प्रशासन, खंड विकास अधिकारी और उद्योग मित्र समिति के नामित सदस्य की निगरानी में निरीक्षण के बाद ही पुनः आवंटन करने पर सहमति बनी।

बैठक में महाप्रबंधक उद्योग विभाग विक्रम सिंह कुंवर, उद्योग प्रबंधक अंजली रमन सहित,वीरेंद्र सिंह नेगी, धन सिंह नेगी, बीराम, छोटे लाल, जीतेंद्र चौहान, सरला मिश्रा, मनोज रावत, प्रदीप सिंह पंवार, हिम्मत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और उद्योग मित्र समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!