June 30, 2026

किडनी मरीजों को बड़ी राहत, चमोली में शुरू होगी डायलिसिस सेवा

 

 

किडनी मरीजों को बड़ी राहत, चमोली में शुरू होगी डायलिसिस सेवा

 

चमोली जिला चिकित्सालय में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सुविधा: ₹65 लाख स्वीकृत

 

चमोली जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अब जिला चिकित्सालय, चमोली में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सांसद निधि से डायलिसिस मशीन की स्थापना के लिए ₹65 लाख की धनराशि स्वीकृत की है, जिसमें से ₹50 लाख की प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई है।

 

इस पहल के बाद जनपद के किडनी रोगियों को डायलिसिस उपचार के लिए देहरादून, श्रीनगर या अन्य बाहरी जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला चिकित्सालय में ही गुणवत्तापूर्ण डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय, धन और अनावश्यक कठिनाइयों से राहत मिलेगी।

 

मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने बताया कि सांसद निधि से प्राप्त धनराशि के आधार पर डायलिसिस मशीन की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मशीन की खरीद एवं स्थापना के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया सहित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएंगी, ताकि जल्द से जल्द यह सुविधा जनपदवासियों को उपलब्ध कराई जा सके।

 

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मशीन के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं एवं अन्य जरूरी तैयारियों पर भी कार्य किया जा रहा है। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होते ही जिला चिकित्सालय में डायलिसिस सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी।

 

डायलिसिस सुविधा शुरू होने से चमोली सहित आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध होगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!