ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से उत्तराखंड को मिलेगी नई रफ्तार: RVNL
ऋषिकेश, 15 जून। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) देहरादून द्वारा आयोजित मीडिया कार्यशाला में रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति, तकनीकी नवाचारों और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए विकास की नई संभावनाएं लेकर आएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं और ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से पर्वतीय क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यशाला में RVNL के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के निर्माण में आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। कठिन भूगर्भीय परिस्थितियों और सुरंग निर्माण जैसी चुनौतियों का वैज्ञानिक तरीकों से सफलतापूर्वक समाधान किया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जल स्रोतों की सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और हरित आवरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। इससे चारधाम यात्रा सहित पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के अंत में मीडिया प्रतिनिधियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका RVNL के विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनसंपर्क विशेषज्ञ एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
