June 19, 2026

कर्णप्रयाग हिंसक घटना और बदहाल सड़कों को लेकर यूकेडी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का घेराव

 

 

कर्णप्रयाग हिंसक घटना और बदहाल सड़कों को लेकर यूकेडी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का घेराव

 

पोखरी/मोहनखाल (चमोली)। कर्णप्रयाग में हुई हिंसक घटना और पोखरी क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने मोहनखाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का घेराव कर सरकार से जवाब मांगा।

 

यूकेडी नेता बीरू सजवाण के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कर्णप्रयाग की घटना में स्थानीय लोगों पर हुए कथित हमले तथा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बीरू सजवाण ने कहा कि कर्णप्रयाग की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पोखरी क्षेत्र की सड़क समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

 

यूकेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे केवल क्षेत्रीय समस्याओं और कर्णप्रयाग घटना के संबंध में अपनी बात रखने गए थे। कार्यकर्ताओं के अनुसार बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने कथित रूप से कहा, “पहले चुनाव लड़ो, जीतो और तब विकास करो।” इस कथित बयान पर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए इसे जनभावनाओं के विपरीत बताया। हालांकि, इस कथित बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय महामंत्री सुबोध बिष्ट, जिला महामंत्री भारत सिंह कुंवर, जिला मीडिया प्रभारी राजेश्वरी बर्त्वाल, युवा अध्यक्ष पोखरी लक्ष्मण नेगी, धर्मेंद्र फरस्वाण, गिरीश नेगी, बबिता देवी, सपना देवी, दमयंती देवी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

 

यूकेडी ने सरकार से कर्णप्रयाग हिंसक घटना में निष्पक्ष कार्रवाई तथा पोखरी क्षेत्र की सड़क समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!