November 7, 2026

नंदाधाम नौटी में विधिविधान से सम्पन्न हुआ नंदा देवी मनौती कार्यक्रम, राजजात यात्रा 2027 में होगी आयोजित

0
IMG_20260124_062443

नौटी (कर्णप्रयाग)।
हिमालयी सचल कुंभ के नाम से विख्यात श्री नंदा देवी राजजात यात्रा की प्रस्तावित तैयारियों के क्रम में श्री नंदाधाम नौटी में मनौती कार्यक्रम बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विधिविधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में राजवंशी कुंवरों, 12 थोक ब्राह्मणों तथा 14 सयानो ने परंपरागत रूप से सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम पंचांग पूजन किया गया, जिसके पश्चात मनौती का दिनपट्टा निकाला गया। दिनपट्टा को श्री नंदा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुंवर ने उपस्थित श्रद्धालुओं के समक्ष पढ़कर सुनाया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कुंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री नंदा देवी राजजात यात्रा अब वर्ष 2027 में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि तय समय पर हिमालयी क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम, बर्फबारी और संभावित जोखिम को देखते हुए जनहानि की आशंका बनी रहती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

मनौती कार्यक्रम के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जनपद चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि प्रस्तावित श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग, बेहतर व्यवस्थाएं और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
वहीं वर्ष 2026 में राजजात यात्रा आयोजित न होने से नंदा भक्तों में कुछ हद तक निराशा भी देखने को मिली। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए द्वाराहाट विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि समिति का यह निर्णय व्यावहारिक है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य सरकार को भी तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा, क्योंकि अभी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो पाई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल