मिशन 2022: अब नमो एप टटोलेगा जनता की नब्ज, तय होगा किसको मिलेगा टिकट



साल 2022 में जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां की जनता का मूड जानने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक ऑनलाइन सर्वे शुरू किया है। सर्वे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय नमो ऐप की मदद ली है। ऑनलाइन सर्वे को लांच करते हुए कहा गया है कि इस ऐप पर पांच राज्यों के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने विचार शेयर कर सकते हैं। वोटरों की नब्ज टटोलने के लिए लांच किये गये इस ऑनलाइन सर्वे में यह जानने की कोशिश की गयी है कि वोट देने से पहले लोगों के मन में कौन-कौन से मुद्दे होते हैं। जाति और धर्म उनकी प्राथमिकता होती है या विकास कार्यों के आधार पर वह किसी पार्टी या सरकार के पक्ष में मतदान करते हैं या उसे खारिज करते हैं। मतदान का मुद्दा वैक्सीनेशन या जाति सर्वे में सरकार और विधायकों के प्रदर्शन को लेकर विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है। इसमें सवाल किया गया है कि अपने राज्य में वैक्सीनेशन कवरेज से आप कितने संतुष्ट हैं। इसमें पूछा गया है कि वोट करते समय उनके लिए क्या महत्वपूर्ण होता है- जाति, धर्म या विकास कार्य। वही इसके अलावा राज्य के तीन सबसे अधिक लोकप्रिय नेताओं के नाम भी मांगे गए हैं।