बैणी-भुली योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाने की तैयारी, 30 नवंबर तक ई-केवाईसी का लक्ष्य
महिला स्वयं सहायता समूहों से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था,हर पात्र महिला तक पहुंचेगा बैणी-भुली योजना’ का लाभ–कुशलानाथ
श्रीनगर गढ़वाल। महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्वयं सहायता समूह आज ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल बचत और आपसी सहयोग का माध्यम नहीं,बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता,स्वरोजगार,उद्यमिता और सामाजिक बदलाव की सशक्त आधारशिला बनते जा रहे हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ परिवार और समाज के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। यह बात राज्य निदेशक कुशलानाथ सायलेज उत्पादन एवं विपणन सहकारी संघ लिमिटेड उत्तराखण्ड ने कही। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं को छोटी-बड़ी आर्थिक आवश्यकताओं के लिए साहूकारों या अन्य लोगों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। समूह में नियमित बचत के माध्यम से जमा धनराशि जरूरत के समय आंतरिक ऋण के रूप में सदस्यों को उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे महिलाओं को आर्थिक कठिनाइयों से उबरने और अपने छोटे व्यवसाय अथवा स्वरोजगार के कार्य शुरू करने में सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि पात्रता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार स्वयं सहायता समूहों को 25,000 रुपए तक रिवॉल्विंग फंड (परिक्रामी निधि),कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) तथा सहकारिता के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। विशेष बात यह है कि पांच और दस वर्षों से संचालित पुराने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी पात्रता के अनुरूप विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। इसलिए महिलाओं को यह नहीं समझना चाहिए कि पुराने समूह होने के कारण वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगी। कुशलानाथ ने बताया कि 30 नवंबर 2026 तक स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ पात्रता के आधार पर दिया जाना है। इसमें जाति,धर्म अथवा राजनीतिक दल के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र महिला जानकारी या आवश्यक प्रक्रिया पूरी न होने के कारण योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से विशेष अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक समूह नियमित रूप से बैठक आयोजित करे,मासिक बचत समय पर जमा करे,बैंक खातों के लेन-देन का पारदर्शी हिसाब रखे तथा समूह के सभी चार रजिस्टर व्यवस्थित और अद्यतन रखे। इसके साथ ही प्रत्येक सदस्य अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर अवश्य पूरी कराए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की मजबूती से गांवों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे,महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से ग्रामीण पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी। कुशलानाथ ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं सहायता समूहों को केवल बचत का समूह न समझें,बल्कि इसे आत्मनिर्भरता,आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण का मजबूत माध्यम बनाएं। बैणी-भुली योजना सहित पात्र महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़ी महिला तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
