गैरसैंण, शिक्षा-स्वास्थ्य और पलायन के मुद्दे पर यूकेडी का हंगामा, तीन बैरियर तोड़े


भराड़ीसैंण। स्थायी राजधानी गैरसैंण, शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और पहाड़ों से बढ़ते पलायन जैसे मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने भराड़ीसैंण विधानसभा के प्रवेश द्वार दिवालीखाल में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
यूकेडी के कार्यकर्ता सुबह से ही बड़ी संख्या में दिवालीखाल पहुंचने लगे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने, पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा पहाड़ों से बढ़ते पलायन को रोकने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने भराड़ीसैंण की ओर कूच करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश में प्रदर्शनकारियों ने तीन बैरियर तोड़ दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। वाटर कैनन चलने के बाद भी कुछ देर तक प्रदर्शनकारी डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
यूकेडी नेताओं का कहना है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, पहाड़ी क्षेत्रों के विकास और पलायन रोकने के लिए सरकार गंभीर कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
