May 28, 2026

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में भारतीय भाषा समर कैंप का दूसरा दिन उत्साहपूर्ण रहा

 

 

पोखरी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्रार्थना सभा एवं मां शारदे की आराधना के साथ किया गया। समर कैंप में छात्राओं को व्यवहारिक ज्ञान एवं संवाद कौशल विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां कराई गईं।

 

प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, नई दिल्ली द्वारा तैयार कार्यक्रम के तहत छात्राओं को वर्चुअल सिटी टूर एवं वास्तविक जीवन की बातचीत का अभ्यास कराया गया। यू-ट्यूब वीडियो और रोल प्ले गतिविधियों के माध्यम से विद्यालय में वर्चुअल बाजार लगाया गया, जिसमें किताबें, खिलौने, कपड़े एवं खाद्य सामग्री रखी गई। छात्राओं को खरीदारी की प्रक्रिया समझाने के साथ उनके अनुभव भी साझा कराए गए।

 

इसके अतिरिक्त रेस्टोरेंट में भोजन ऑर्डर करना, बस स्टॉप पर दिशा पूछना, ट्रैफिक नियमों की जानकारी लेना तथा ऑटो और बस चालकों सहित आम लोगों से संवाद करने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। छात्राओं से इन विषयों पर उनकी सामान्य जानकारी भी ली गई।

 

शिक्षिका पूनम नेगी ने सांकेतिक अंकों की जानकारी दी, जबकि इन्दु भारती ने जीएसटी एवं खरीदारी के नियम समझाए। अनुराधा राणा ने छात्राओं को डायरी लेखन एवं मन की अभिव्यक्ति के बारे में जानकारी प्रदान की।

 

समर कैंप में छात्राएं पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रही हैं तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आनंद ले रही हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षिकाएं पूनम नेगी, अनुराधा राणा एवं इन्दु भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ सहायक राहुल देवशाली, रेखा सती एवं दिव्या थपलियाल ने भी सहयोग प्रदान किया।

समर कैंप के द्वितीय दिवस में 43 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अंत में छात्राओं को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत भोजन कराकर कार्यदिवस का समापन किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!