November 23, 2026

लोहाजंग में 13वें स्व. शेर सिंह दानू मेले का शुभारंभ, लोक संस्कृति व पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

0
IMG-20261123-WA0039

 

लोहाजंग (देवाल)। चमोली जनपद के देवाल विकासखंड स्थित खूबसूरत पर्यटक स्थल लोहाजंग में 13वें स्वर्गीय शेरसिंह दानू सांस्कृतिक, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले का शुभारंभ पूर्व विधायक डॉ. जीतराम टम्टा ने किया। मेले के शुभारंभ अवसर पर लोहाजंग चौक स्थित पूर्व विधायक स्व. शेरसिंह दानू की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेले के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे स्कूली बच्चों और महिला मंगल दलों ने सांस्कृतिक एवं प्रतियोगात्मक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल प्रतियोगिता आयोजित कर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया। मेले में पहुंचे गणमान्य लोगों को मेला समिति अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी इंदर सिंह राणा ने शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मेले में कृषि, उद्यान, श्रम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई।

मेला समिति अध्यक्ष इंदर सिंह राणा ने कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, पहनावे एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। साथ ही महिलाओं और स्कूली बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित करना भी मेले की प्रमुख पहल है। उन्होंने बताया कि मेले का आयोजन पूर्व विधायक स्व. शेरसिंह दानू, उनके पिता स्व. देव सिंह दानू, जो आजाद हिंद फौज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के व्यक्तिगत सलाहकार रहे थे, तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामचंद्र उनियाल की स्मृति में किया जाता है।

उन्होंने कहा कि लोहाजंग क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से तेजी से उभर रहा है। यहां ब्रह्मताल, आली बुग्याल, रूपकुंड एवं बेदी बुग्याल जैसे आकर्षक पर्यटन स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हालांकि, क्षेत्र की बदहाल सड़कें स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सड़क मार्ग की स्थिति जल्द सुधारने की मांग करते हुए राज्य एवं केंद्र सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा धपोला, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल