बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में जांच का दायरा बढ़ा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम


चमोली।बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के बहुचर्चित मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले में अब तक एक आरोपी प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
सरकार द्वारा गठित जांच टीम के तहत गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप के नेतृत्व में गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी, वित्त अधिकारी जगत सिंह चौहान तथा एसआईटी की टीम बद्रीनाथ धाम पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया।
जांच टीम के अनुसार, इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। फुटेज और अन्य तकनीकी व दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि चोरी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सके।
इधर, बद्रीनाथ धाम से लेकर पूरे प्रदेश में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। आमजन और विभिन्न हक-हकूकधारियों का कहना है कि केवल एक गिरफ्तारी पर जांच सीमित नहीं रहनी चाहिए। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहे हैं कि कहीं गिरफ्तार आरोपी प्रमोद नौटियाल केवल मोहरा तो नहीं था और उसके पीछे कोई प्रभावशाली व्यक्ति या पदाधिकारी तो शामिल नहीं है।
लोगों ने सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गंभीर जांच कराई जाए तथा जो भी वास्तविक दोषी हों, चाहे उनका पद या प्रभाव कुछ भी हो, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल जांच टीम सभी पहलुओं पर गहनता से काम कर रही है और अब सभी की निगाहें जांच के अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।

संदीप तिवारी : एमड़ी गढ़वाल मंडल विकास निगम( जाँच अधिकारी )
