October 30, 2026

सिमली बेस अस्पताल की मांग को लेकर छठवें दिन भी धरना जारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने दिया समर्थन

0
IMG-20261030-WA0004

सिमली बेस अस्पताल आंदोलन सिमली, चमोली।

 

कर्णप्रयाग। सिमली में बेस अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के छठवें दिन पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।

पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि यह इतिहास में पहली बार हुआ है कि सिमली से करीब 300 किलोमीटर की दूरी आंदोलनकारियों को बेस अस्पताल की मांग को लेकर पैदल तय करनी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने वर्तमान विधायक अनिल नौटियाल पर भी विकास कार्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

इस दौरान नेगी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में मिनी सचिवालय के निर्माण में हो रही देरी पर भी शासन-प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि गैरसैंण में ग्रीष्मकाल के दौरान तीन से चार महीने तक सरकार नियमित रूप से कामकाज करती है, तो इससे पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी। पहाड़ों की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार होंगी, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

वहीं, सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी और आंदोलनकारी मुन्ना भाई ने कहा कि अस्पताल की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। जब तक सरकार सिमली बेस अस्पताल का शासनादेश (जीओ) जारी नहीं करती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

धरना प्रदर्शन में विभिन्न गांवों से पहुंची महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी भागीदारी कर आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों ने सरकार से जल्द बेस अस्पताल का शासनादेश जारी कर क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल