विधि-विधान के साथ खुले बाबा केदारनाथ धाम के कपाट, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह आठ बजे शुभ मूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार, विधि विधान के साथ केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंक, विद्वान आचार्यों, और तीर्थपुरोहितों की मौजूदगी में खोल दिए गए हैं। कपाटोत्सव के मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीतधामी भी मौजूद रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन हो इसकी व्यवस्था की गई। प्लास्टिक मुक्त यात्रा का भी संदेश दिया गया है।
आखिरकार 6 माह का लंबा इंतजार भक्तों के लिए खत्म हुआ और बाबा केदार के भक्तों में जो आस्था का उत्साह देखने को मिल रहा है उसने पूरे केदारपुरी को भक्तिमय बना दिया है। बाबा केदार के धाम में बर्फीली शीतलहरों और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्त सुबह पांच बजे से ही केदारनाथ के आस्था पथ पर दर्शनों की लाइनों में लग गए थे। जबकि केदार मंदिर प्रागंण में भी हजारों की संख्या में देश दुनिया से आए भक्त इस कपाटोत्सव के साक्षी बने और जय शिव शंभू, बम बम भोले के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान हो गया है। अब अगले छ माह यही पर बाबा केदार की पूजा अर्चना संपादित होगी और बाबा केदार के भक्तों को आशीर्वाद दर्शनों का पुण्य लाभ प्राप्त होगा। भक्त यह पहुंचकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
