देहरादून में 8वें वेतन आयोग की बैठक, पूर्व सैनिकों को मिला प्रतिनिधित्व का अवसर


देहरादून। 24 अप्रैल 2026 से देहरादून में प्रारंभ होने जा रहे 8वें वेतन आयोग को लेकर पूर्व सैनिकों में उत्साह का माहौल है। क्लेमेनटाउन स्थित पूर्व सैनिक संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक वेल रोड पर आयोजित की गई, जिसमें समिति के दो प्रतिनिधियों को आयोग के समक्ष अपनी बात रखने के लिए आमंत्रित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कैप्टन आलम सिंह भण्डारी ने की। इस दौरान संयोजक एवं सचिव सुबेदार मेजर जयपाल सिंह रावत ने पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सेवाओं में आ रही समस्याओं और उनके समाधान के लिए समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति लगातार 8वें वेतन आयोग के संपर्क में है और पूर्व सैनिकों की विभिन्न मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने की तैयारी कर रही है।
बैठक में आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले मांग पत्र को भी पढ़ा गया, जिसमें पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी मुद्दों के साथ-साथ OROP-2 में उत्पन्न विसंगतियों को दूर करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने अपने-अपने सुझाव भी साझा किए, जिनके आधार पर मांगों का एक विस्तृत मसौदा तैयार किया गया।
समिति के अध्यक्ष कैप्टन आलम सिंह भण्डारी ने कहा कि यह अवसर पूर्व सैनिकों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने जानकारी दी कि 24 अप्रैल को होने वाली आयोग की बैठक में उनकी समिति से कैप्टन आलम सिंह भण्डारी और सुबेदार मेजर जयपाल सिंह रावत प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान फेडरेशन ऑफ वेटरन्स एसोसिएशन के प्रवक्ता कैप्टन लोकेन्द्र सिंह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
बैठक में समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर पूर्व सैनिकों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने का संकल्प लिया।
