सात सूत्रीय मांगों को लेकर टैक्सी-मैक्सी यूनियनों की हड़ताल, आम जनता बेहाल
– भानु प्रकाश नेगी, पोखरी (चमोली)
उत्तराखंड परिवहन महासंघ की सात सूत्रीय मांगों के समर्थन में चमोली जनपद की विभिन्न टैक्सी-मैक्सी यूनियनों ने पूर्ण चक्का जाम किया। हड़ताल के कारण पूरे जिले में परिवहन सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पोखरी क्षेत्र में भी टैक्सी और मैक्सी सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। स्थानीय लोगों को बाजार और जरूरी कामों के लिए पैदल सफर करना पड़ा। वहीं, हिमवंत कवि चन्द्र कुवंर बर्तवाल खादी, पर्यटन एवं किसान मेला पर भी इस हड़ताल का असर साफ दिखाई दिया। मेले में आज आम जनता की उपस्थिति बहुत कम रही।
नागभूमि टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन ने दिया समर्थन
नागभूमि टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव राकेश नेगी ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा टैक्स में अनावश्यक वृद्धि की गई है, जिससे टैक्सी चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इनकी मांगें नहीं मानती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं टैक्सी चालक सज्जन रड़वाल ने कहा कि परिवहन विभाग के अड़ियल रवैये से चालक वर्ग बेहद परेशान है। “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, टैक्सियों के पहिए जाम रहेंगे,” उन्होंने कहा।
व्यापारियों को भी झेलना पड़ा नुकसान
हड़ताल का असर व्यापार पर भी पड़ा। व्यापार मंडल पोखरी के अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि टैक्सियों के बंद रहने से बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम रही और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग को टैक्सी चालकों की जायज मांगें स्वीकार करनी चाहिए ताकि स्थिति सामान्य हो सके।
यात्रियों को हुई भारी दिक्कतें
टैक्सी, मैक्सी और बसों की हड़ताल के चलते आम जनता को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यात्री देवेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्हें आवश्यक कार्य से घर से बाहर जाना था, लेकिन हड़ताल के कारण वे कहीं नहीं जा पाए। उन्होंने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की।
मुख्य बिंदु:
टैक्सी और मैक्सी यूनियनों का पूर्ण चक्का जाम
हिमवंत मेला में जनता की उपस्थिति घटी
व्यापार प्रभावित, बाजार सूने पड़े
यात्रियों को हुई भारी असुविधा
जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, हड़ताल जारी रहने का ऐलान
