April 8, 2026

युवा कांग्रेस के समर्थन से सूर्या पुरोहित दोबारा बने जिलाध्यक्ष, युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष का ऐलान

गोपेश्वर/चमोली: युवा कांग्रेस के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। चमोली जनपद में हुए इस चुनाव में सूर्या पुरोहित ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करते हुए जिलाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। उन्होंने भारी समर्थन हासिल कर अन्य प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए युवाओं का विश्वास दोबारा जीत लिया।
बताया जा रहा है कि चार प्रत्याशियों के बीच हुए इस मुकाबले में सूर्या पुरोहित को सबसे अधिक मेम्बर्स का समर्थन मिला। उनकी जीत को संगठन के भीतर मजबूत पकड़ और सक्रिय कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है।
सूर्या पुरोहित वर्तमान में नगर पालिका गोपेश्वर के पार्षद हैं। इससे पहले वे गोपेश्वर महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष और एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
दोबारा जिलाध्यक्ष चुने जाने पर सूर्या पुरोहित ने सभी युवा साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत चमोली जिले के हर युवा की आवाज़ की जीत है और वे सभी को साथ लेकर युवाओं के अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी, सीमित रोजगार अवसर, पलायन और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। यूथ कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक प्रमुखता से उठाएगी।
सूर्या पुरोहित ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा भर्ती प्रक्रियाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना रहेगा।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियां जनविरोधी और युवा विरोधी हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर वर्ष 2027 के चुनाव में बदलाव का संकल्प लें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!