पंपावे में बोल्डर गिरने से स्कॉर्पियो हादसे का शिकार, किशोर समेत दो की मौत
पंपावे में बोल्डर गिरने से स्कॉर्पियो हादसे का शिकार, किशोर समेत दो की मौत
पिथौरागढ़। दारमा घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक श्रद्धालु परिवार की खुशियां पल भर में उजड़ गईं। आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो वाहन पर पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से 15 वर्षीय किशोर और वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी क्षेत्र से एक ही परिवार के नौ सदस्य आदि कैलाश, ओम पर्वत और दारमा घाटी भ्रमण के लिए आए थे। शुक्रवार को पंचाचूली बेस कैंप घूमने के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे वे स्कॉर्पियो वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान धारचूला से लगभग 42 किलोमीटर दूर पंपावे क्षेत्र में पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर टूटकर सीधे वाहन के अगले हिस्से पर आ गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में फ्रंट सीट पर बैठे केशव खंडेलवाल (15 वर्ष), निवासी रामगंज मंडी, कोटा (राजस्थान) तथा वाहन चालक सुरेंद्र गब्याल, निवासी सितारगंज, ऊधमसिंह नगर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं श्रेयम खंडेलवाल, राघव खंडेलवाल, हर्षी खंडेलवाल और आयुष खंडेलवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को धारचूला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि परिवार के चार अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में पीछे-पीछे चल रहे थे, जिससे वे हादसे का शिकार होने से बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ी पर कई बड़े बोल्डर खतरनाक स्थिति में लटके हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं में से एक विशाल चट्टान टूटकर वाहन पर गिर गई। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
