June 25, 2026

प्रो. डॉ. राजेन्द्र सिंह नेगी बने कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष, 1 जुलाई से संभालेंगे कार्यभार

श्रीनगर/चमोली। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर के चौरास परिसर स्थित ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. राजेन्द्र सिंह नेगी को विश्वविद्यालय के कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान संकाय (Faculty of Agriculture and Allied Sciences) का नया संकायाध्यक्ष (Dean) नियुक्त किया गया है। प्रो. नेगी आगामी 1 जुलाई को अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

 

प्रो. डॉ. राजेन्द्र सिंह नेगी लंबे समय से ग्रामीण विकास, कृषि नवाचार और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपने शोध और विस्तार कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और स्वयं सहायता समूहों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा उनकी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 

ग्रामीण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रो. नेगी ने मशरूम उत्पादन, मशरूम स्पॉन लैब की स्थापना एवं विकास, मधुमक्खी पालन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, सामुदायिक कृषि विस्तार तथा सतत विकास से जुड़े अनेक शोध एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफल संचालन किया है। उनके प्रयासों से प्रदेश के अनेक किसान वैज्ञानिक खेती की नवीन तकनीकों को अपनाकर स्वरोजगार और आयवृद्धि की दिशा में आगे बढ़े हैं।

 

शिक्षण और शोध के साथ-साथ प्रो. नेगी ने विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से कई जनहितकारी परियोजनाओं का नेतृत्व किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी हस्तांतरण और आजीविका आधारित कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए उन्हें विभिन्न संस्थानों एवं संगठनों द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रो. नेगी के नेतृत्व में कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान संकाय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा कृषि विस्तार गतिविधियों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय के साथ-साथ उत्तराखंड के कृषि एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

प्रो. डॉ. राजेन्द्र सिंह नेगी की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!