June 25, 2026

मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पोखरी पुलिस ने परिजनों से मिलाया

पोखरी। थाना पोखरी पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कनकचौरी बाजार क्षेत्र में एक महिला अकेली भटक रही है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही थाना पोखरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाना लाई।

पूछताछ के दौरान महिला अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। उसने केवल इतना बताया कि वह जनपद रुद्रप्रयाग की रहने वाली है। महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के गांवों, स्थानीय लोगों और विभिन्न माध्यमों से उसकी पहचान एवं परिजनों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए।

पुलिस की अथक मेहनत रंग लाई और महिला के पति से संपर्क स्थापित कर उन्हें थाना पोखरी बुलाया गया। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

महिला के परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बिना बताए घर से निकल गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। पत्नी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पोखरी पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, महिला होमगार्ड ममता देवी, होमगार्ड राकेश तथा होमगार्ड दिनेश शामिल रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!