गौचर मैदान में गूंजा खेल प्रतिभाओं का उत्साह, 250 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा
कर्णप्रयाग में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन, 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग।
गौचर। चमोली जनपद के विकासखंड कर्णप्रयाग में छह संकुलों के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की शीतकालीन एवं शरदकालीन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन गौचर खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के छह संकुल विद्यालयों के साथ ही विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी खेल प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के अलावा कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। खेल मैदान में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
आयोजन के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों के बच्चों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर दिनेश कुमार, सुरेंद्र कंडाल, विजेंद्र कुंवर, भागचंद केशववाल, रजनी नेगी, घनश्याम कंडारी, कुलदीप रावत, पानु चौहान, गजेंद्र नेगी, प्रकाश रावत, साक्षी कंडवाल सहित विभिन्नg विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
खेल प्रतियोगिता के दौरान गौचर मैदान में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
