स्वर्ण जयंती वर्ष पर पांच दिवसीय भव्य गढ़ कौथिग का आयोजन
स्वर्ण जयंती वर्ष पर पांच दिवसीय भव्य गढ़ कौथिग का आयोजन
11 से 15 नवंबर तक पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में जुटेगा उत्तराखंड की संस्कृति का रंग
देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मण्डल संस्था (पंजी.), क्लेमेनटाउन, देहरादून अपने स्वर्ण जयंती वर्ष 1976-2026 के अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय भव्य एवं विशाल गढ़ कौथिग का आयोजन करने जा रही है। कौथिग का आयोजन 11 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण, क्लेमेनटाउन में किया जाएगा।
गढ़ भवन, वेल रोड, क्लेमेनटाउन में आयोजित संस्था की आम सभा की बैठक में कौथिग के आयोजन को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत ने की। आयोजन के लिए सूबेदार मेजर दुर्गा प्रसाद बडोनी (सेवानिवृत्त) को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया।
गढ़ कौथिग में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, खान-पान, हस्तशिल्प और पारंपरिक पहनावे को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। मेले में गढ़वाल के विभिन्न पारंपरिक भोज्य पदार्थों के स्टॉल, उत्तराखंड के पारंपरिक पहनावे एवं वस्त्रों के स्टॉल तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध उत्पादों और उद्योगों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रसिद्ध चिकित्सकों की देखरेख में विभिन्न चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
![]()
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संस्था के स्कूली बच्चों, महिला मंडली और पुरुष वर्ग की प्रस्तुतियों के साथ-साथ उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकारों एवं गीतकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संस्था ने व्यवसायिक स्टॉल लगाने के इच्छुक लोगों से समय पर संस्था के अध्यक्ष अथवा मेला अधिकारी से संपर्क करने की अपील की है।
आम सभा का संचालन वर्तमान पार्षद एवं संस्था के महासचिव दीपक नेगी ने किया। सभा शुरू होने से पहले संस्था के सदस्य स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पार्षद स्वर्गीय राजेश परमार तथा कैप्टन स्वर्गीय यशवंत सिंह कुंवर के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद आयोजित आम सभा में उपस्थित सदस्यों ने गढ़ कौथिग के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव एवं विचार रखे और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, संरक्षक सुंदर लाल सेमवाल, मेला अधिकारी सूबेदार मेजर दुर्गा प्रसाद बडोनी, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व महासचिव रामचंद्र सिंह रावत, उमराव सिंह गुसाईं, उत्तम सिंह रौथाण, कुलदीप रावत, लक्ष्मण कोटनाला, जसवंत सिंह नेगी, विक्रम नैथानी, विश्व भास्कर मैंदोला, नरेंद्र कोटनाला तथा श्रीमती नीलम डोबरियाल सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
