October 1, 2026

कर्णप्रयाग में हेल्थ रन एवं हेरिटेज वॉक, युवाओं को दिया नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

कर्णप्रयाग में हेल्थ रन एवं हेरिटेज वॉक, युवाओं को दिया नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

कर्णप्रयाग (चमोली)। विकसित भारत के तीन माह संकल्प अभियान के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में ‘नशामुक्त युवा’ एवं ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ थीम पर हेल्थ रन और हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह और मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने किया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर से कर्ण मंदिर और उमा मंदिर तक हेरिटेज वॉक निकाली गई। वहीं, विद्यार्थियों के लिए दो किलोमीटर की हेल्थ रन आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग, खेल और नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि एसडीएम अलकेश नौडियाल ने भी युवाओं को अपने स्वास्थ्य और भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. महेंद्र जोशी, डॉ. कविता पाठक, डॉ. इंद्रेश कुमार पांडेय, डॉ. दिशा शर्मा, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. मदन लाल शर्मा, डॉ. चंद्रमोहन जंसवाण और डॉ. रविंद्र सिंह नेगी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा तिवारी और श्रीमती प्रमिला ने भी सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त युवा–सशक्त युवा’ और ‘स्वस्थ युवा–विकसित भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Spread the love
error: Content is protected !!