हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल मेले का भव्य शुभारंभ, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी और नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने फीता काटकर किया मेले का उद्घाटन, प्रभात फेरी के साथ शुरू हुआ आयोजन।
पोखरी (चमोली)। पोखरी में हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल मेले का भव्य शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल और डॉ. बृजमोहन खाली ने फीता काटकर किया। मेले के शुभारंभ के अवसर पर स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
मेले के शुभारंभ पर विनायक धार से स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मेला स्थल तक प्रभात फेरी निकाली। वहीं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) पोखरी की छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेले के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल मेला ऐतिहासिक होने जा रहा है। मेले में लोकगायकों, स्थानीय विद्यालयों, महिला मंगल दलों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की लोकसंस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से मेले की भव्यता और दिव्यता में वृद्धि होगी।
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने सभी नगरवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों और लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारती, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रमेश बर्त्वाल, पार्षद गिरीश किमोठी, मंडल अध्यक्ष अमर रावत, वन सरपंच अध्यक्ष माला कंडारी, वत्सला सती, लता बर्त्वाल, सेवा इंटरनेशनल की जिला मंत्री रंजना रावत, माहेश्वरी देवी, पोखरी के वन क्षेत्राधिकारी बैजी लाल शाह, वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं, प्रदीप पुरोहित, सत्येंद्र नेगी, प्रदीप चौहान, सत्येंद्र बुटोला, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज खत्री, अंशुल भंडारी और आकाश चमोला सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन टीपी सती ने किया।
